मौधा। अब बिजली का बिल बनाने में किसी भी प्रकार की धांधली नहीं हो सकेगी। इसके लिए प्रॉब सिस्टम लागू कर दिया गया है। इसके तहत सभी मीटर रीडरों को प्रॉब वायर दिया गया है। इससे यूएस प्रॉब वायर को मीटर से कनेक्ट करते ही वास्तविक मीटर रीडिंग का पता चल जाएगा। अभी तक मीटर रीडर उपभोक्ताओं के घर जाकर मीटर की जांच करते थे। रीडिंग रजिस्टर में दर्ज होती थी। फिर उसी के आधार पर बिल बनाकर भेजा जाता था। रीडिंग मैनुअली होने पर धांधली की गुंजाइश होती थी। कई बार ऐसा होता था कि वास्तविक मीटर रीडिंग 150 की होती थी जिसे मीटर रीडर गलती से या तकनीकी कारणों से 250 या कुछ और दर्ज कर लेता था। ऐसे में बिजली के बिल अधिक आते थे। अब नई व्यवस्था के तहत मीटर रीडर उपभोक्ताओं के घर जाकर बिजली कर्मचारी प्रॉब वायर को मीटर के यूएसबी से कनेक्ट कर मोबाइल से जोड़ देंगे। वायर को जोड़ते ही मोबाइल की स्क्रीन पर मीटर की वास्तविक रीडिंग आ जाएगी जिसे प्रिंट कर उपभोक्ताओं को दे दिया जाएगा। सैदपुर बिजली विभाग के एक्सईएन आशीष कुमार चौहान ने बताया कि बिजली बिल रीडिंग में किसी प्रकार की गडबड़ी न हो। इसके लिए ही प्रॉब सिस्टम लागू किया गया है।