दिलदारनगर। चित्रकोनी विद्युत उपकेंद्र में लगा पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर गुरुवार को जल जाने से क्षेत्र के बाद 24 गांव की बत्ती गुल हो गई। इससे गर्मी की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई। तीसरे दिन भी बिजली का दर्शन नहीं हुआ। अधिकारियों की माने तो ट्रांसफार्मर को बदलने का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। आपूर्ति सुचारू होने में अभी दो-तीन दिन का समय लग सकता है।
मालूम हो कि चित्रकोनी विद्युत उपकेंद्र पर लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से क्षेत्र के सरैला, ताजपुरकुर्रा, परनही, जबुरना, मिर्चा, सेंदुरा, चित्रकोनी, सिहानी, केसरुवां, देवैथा, नवल का डेरा, कर्महरी, पलिया, नेवादा, कुसी दलित बस्ती, तियरी दलित बस्ती सहित करीब 24 गांव में बिजली आपूर्ति होती है। बीते गुरुवार की दोपहर ट्रांसफार्मर जल गया। इससे संबंधित गांव की बत्ती गुल हो गई। इससे गर्मी की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई। तीसरे दिन शनिवार को भी बिजली का दर्शन नहीं हो सका। इससे लोग तरह-तरह की दिक्कतों को लेकर परेशान रहे। बिजली से चलने वाले सभी उपकरण शो-पीस बने हुए है। कूलर-पंखा का शो-पीस बने रहना लोगों को अधिक खल रहा है। इसके बंद रहने से गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। जिन लोगों ने ईन्वर्टर लगवा रखा है, बिजली के अभाव में बैट्री चार्ज न होने से वह भी बंद पड़े है। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को इधर-उधर की दौड़ लगानी पड़ रही है। गर्मी की वजह से एक तरफ जहां लोग चैन की नींद नहीं हो पा रहे हैं। वहीं पानी के लिए हैंडपंपों और कुओं तक की दौड़ लगानी पड़ रही है। किसी तरह थोड़ा-बहुत पानी की व्यवस्था कर लोग काम चल रहे हैं। खेती का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। घरों में रौशनी करने के लिए लोगों को ढिबरी और मोमबत्ती जलाना पड़ रहा है। दिन तो लोग किसी तरह बिता ले रहे हैं, लेकिन रात में अंधेरा की वजह से लोगों की दिक्कतें और भी बढ़ जा रही है। बिजली पर आधारित कारोबार पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। जिन लोगों के पास विद्युत उपकेंद्र और अधिकारियों का मोबाइल नंबर है, वह बार-बार फोन कर यह पता करने में लगे है कि बिजली कब तक आएगी। अधिकारियों की माने तो बिजली के आने में अभी दो-तीन का दिन समय और लग सकता है।
विद्युत उपकेंद्र पर लगा पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर जलने से आपूर्ति ठप है। ट्रांसफार्मर को बदलने का कार्य शुरु करा दिया गया है। उम्मीद है कि कार्य पूरा होने पर दो-तीन में आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी। -तापस कुमार, जेई
-वेदप्रकाश शर्मा।