गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का प्रचार मंगलवार की शाम को थम गया। प्रचार का शोर थमते ही उम्मीदवारों ने जनसपंर्क में पूरी ताकत झोंक दी है। वह मतदाताओं को लुभाने के लिए उनकी चौखटों पर दस्तक दे रहे हैं। जिले के सोलह विकासखंड के 29 लाख से अधिक मतदाता विभिन्न पदों के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चौथे एवं अंतिम चरण में बृहस्पतिवार को होने वाले चुनाव के लिए विभिन्न पदों पर बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी मतदाताओं को लुभाने के लिए कई दिनों से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। मतदाताओं का समर्थन पाने के लिए ये प्रत्याशी तमाम जतन कर रहे हैं। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशियों की तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। चुनाव का प्रचार मंगलवार की शाम समाप्त हो गया। इसके बाद अब प्रत्याशियों ने मतदाताओं के घर का रुख कर लिया है। मतदाताओं से मिलकर वह उनकी मान-मनौव्वल कर उनका समर्थन पाने की कवायद कर रहे हैं। इस चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रत्याशियों की तरफ से किसी तरह का प्रलोभन देने आदि को लेकर जिला प्रशासन चौकस है। प्रशासन ने बैठक आयोजित कर साफ चेताया है कि अगर कोई भी प्रत्याशी मतदाताओं को प्रलोभन देने आदि की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।