आलमपट्टी के पास सड़क हादसे के बाद लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। नगर कोतवाली के आलमपट्टी के पास बृहस्पतिवार को ट्रक से कुचलकर एनटीपीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं गिफ्ट कार्नर दुकानदार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, हादसे में मौत की खबर सुन कर परिजन बिलखने लगे। नोनहरा थाना क्षेत्र निवासी कपिलदेव कन्नौजिया (70) एनटीपीसी से सेवानिवृत्त होने के बाद बाजार में गिफ्ट की दुकान चलाते थे। नव वर्ष व खिचड़ी पर खरीदारी के लिए वह ऑटो से आलमपट्टी पहुंचे। पैदल ही बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। जब-तक वह संभलते ट्रक का पिछला पहिया उनके सिर को कुचलता आगे बढ़ गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ दुर्घटना की जानकारी परिजनों को दी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूर्व ग्राम प्रधान प्यारे लाल कन्नौजिया कोतवाली पहुंचे और घटना के बारे में ग्रामीणों को अवगत कराया। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी गई है।