गाजीपुर। विधानसभा चुनाव में बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं को निर्वाचन आयोग पोस्टल बैलट के माध्यम से घर से मतदान करने की सुविधा मुहैया कराएगा। इसके लिए इस श्रेणी के मतदाताओं को पहले से ही फार्म-12 (डी) पर आवेदन करना होगा। आवेदन नहीं करने वालों को मतदान केंद्रों पर जाकर वोट डालना होगा।
जिले की सात विधानसभा सीटों के लिए सात मार्च को मतदान होगा। मतदान की तारीख करीब आते ही प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिले में 28 लाख से अधिक मतदाता हैं। इनमें अस्सी वर्ष से ज्यादा के 56 हजार 226 तथा 17 हजार 257 दिव्यांग मतदाता हैं। 11559 पुरुष एवं 5698 महिला दिव्यांग मतदाता हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में 6910 मतदाताओं ने पोस्ट बैलट के माध्यम से मतदान किया था। चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग की तरफ से 80 वर्ष से ऊपर के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को पोस्टल बैलट के माध्यम से घर से मतदान करने की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस सुविधा के लिए इच्छुक 80 वर्ष से ऊपर के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को फार्म-12 (डी) भरना होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एके सिंह ने बताया कि प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद रिटर्निंग आफीसर (आरओ) की ओर से संबंधित मतदाता को पोस्टल बैलट जारी किया जाएगा। मतदान दल उनके पते पर जाकर पोस्टल बैलट से मतदान कराया जाएगा। मतदान अधिकारियों के साथ माइक्रो आब्जर्वर, सुरक्षाकर्मी और वीडियोग्राफर रहेंगे। मतदान दल की ओर से संबंधित मतदाताओं को पोस्टल बैलट के लिए आने की तिथि एवं समय से पहले ही अवगत करा दिया जाएगा।
पोस्टल वोट के अर्ह मतदाता
विधानसभा 80 वर्ष से अधिक दिव्यांग
जखनिया 8785 1983
सैदपुर 7706 1921
सदर 6843 3046
जंगीपुर 7190 3419
जहूराबाद 7686 2333
मुहम्मदाबाद 9493 2438
जमानिया 8523 2117
0000
इनसेट
गाजीपुर सदर में पड़े थे सर्वाधिक पोस्टल वोट
गाजीपुर। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में जिले की सात विस सीटों पर 6910 मतदाताओं ने पोस्टल बैलट के माध्यम से मताधिकार का प्रयोग किया था। उस दौरान जखनिया (सुरक्षित) में 1315, सैदपुर (सुरक्षित) में 985, सदर 1474, जंगीपुर 870, जहूराबाद 832, मुहम्मदाबाद 879 तथा जमानिया विस क्षेत्र के 555 मतदाताओं ने पोस्टल बैलट के जरिए मतदान किया था।