गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र में बीते वर्ष हुए तिहरे हत्याकांड के बाद करीब ढाई माह तक रिश्तेदारों के यहां शरण लेने वाला 25 हजार रुपये का इनामी साजिशकर्ता अमरजीत कुमार सिंह को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गहमर रेलवे स्टेशन बारा रोड के पास चेकिंग के दौरान दबोचा गया। अमरजीत की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें एफआईआर में नामजद 12 आरोपियों में से पांच और अन्य तीन का नाम जांच में आया है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अमरजीत कुमार सिंह उर्फ बबुआ (28) निवासी खेलूराय पट्टी, गहमर तिहरे हत्याकांड के साजिश कर्ता था। इसके बाद इसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ कोर्ट से वारंट लेने के बाद धारा 82 के तहत कार्रवाई शुरू की गई थी। एसओ ने बताया कि शनिवार को पुलिस टीम गहमर रेलवे स्टेशन बारा रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसओ ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी गहमर और रेवतीपुर थाने में मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने अब अमन सिंह, ओम सिंह, लखन सिंह, अरविंद सिंह व अभिषेक सिंह (पांच एफआईआर में नामजद आरोपी) के अलावा शैलेश सिंह, सीमा सिंह व अमरजीत सिंह समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
दिसंबर में तीन लोगों की हुई थी हत्या
गहमर थाना क्षेत्र में 24 दिसंबर 2025 रात को यह घटना हुई थी, जिसमें विक्की सिंह, सौरभ सिंह और अंकित सिंह की बेरहमी से हत्या कर उनके शवों को तालाब में फेंक दिया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। विक्की सिंह के भाई विकास सिंह ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया था।
मुख्य आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर
वारदात को अंजमा देने वाला मास्टर माइंड व 50 हजार रुपये का इनामिया अमित सिंह घटना के ढाई माह बाद भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। सूत्रों की मानें तो इसकी गिरफ्तारी न होने के पीछे मुख्य वजह पिछले दो वर्ष से आरोपी द्वारा मोबाइल फोन का प्रयोग नही किया जाना है। जिसकी वजह से पुलिस को उसकी सटीक लोकेशन नहीं मिल पा रही है।