मौसम का असर फसलों पर ही नहीं लोगों पर भी पड़ रहा है। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है वहीं सब्जियां बर्बाद हो रही हैं। वहीं बिजली गिरने से कईयों की जान जा रही है। रविवार को ही पूर्वांचल के तीन जिलों में आठ लोगों की मौत हुई।
बारिश के बीच बिजली गिरने से रविवार को पूर्वांचल के तीन जिलों में आठ लोगों की मौत हो गई। नौ लोग झुलस गए। गाजीपुर में पशु पालक समेत 4 की मौत हुई है। जमानिया के रोहुणा निवासी बाबूलाल गोड़ (45), देवकली के रामपुर निवासी गोपाल राम (26), मुहम्मदाबाद कोतवाली के परानपुर के नितेश कुमार राजभर (22) और कासिमाबाद के टोडरपुर गांव निवासी शोभन राजभर (50) की मौत हुई है।
विज्ञापन
जौनपुर के शाहगंज के नगर के छिडवां भांदी मोहल्ला निवासी गौतम राजभर की धान की रोपाई करते समय बिजली गिरने से मौत हो गई। अर्गपुर खुर्द गांव निवासी सूरज (16) की बिजली गिरने से मौत हो गई और उसकी मां संगीता देवी की हालत गंभीर है।
आजमगढ़ के मऊपरासीन में भेड़ चरा रहे तरवां के जामूडीह गांव निवासी रामाशीष पाल (38) की भी मौत हो गई। उधर, पवई में धान की रोपाई के दौरान एक युवती की मौत हो गई।