थाना पुलिस ने कोविड-19 गाइड लाइन का उल्लंघन करने के मामले में आठ नामजद और 80 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। मामला क्षेत्र के मलहपुरा धरम्मरपुर का है। जहां 15 मई को एक मंदिर के लोकार्पण पर कुश्ती प्रतियोगिता कराई गई थी। इसका वीडियो वायरल होने पर एसपी ने कार्रवाई का निर्देश दिया था। जिस पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने कार्रवाई की। मंदिर लोकार्पण पर कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागी एवं ग्रामीण शामिल हुए थे। इस दौरान लोगों ने जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वारयल होने के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह के निर्देश पर नियमों और प्रतिबंधों का उल्लंघन करने पर धरम्मरपुर निवासी प्रधानपति डा. अवधेश यादव, कटरिया के अनिल यादव, बयेपुर के ओमप्रकाश यादव, बलुआ धरम्मरपुर के अनिल यादव, सलारपुर गोशंदेपुर के पंकज यादव, गजाधरपुर के बलजीत उर्फ काशी यादव, मलहपुरा कटरिया के विजय यादव और रामअशीष यादव उर्फ शिशु के साथ ही 80 अन्य अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।