गाजीपुर। अनामिका शुक्ला का मामला सामने आते ही जिले के सभी 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षिकाओं और शिक्षणेतर कर्मचारियों के प्रमाणपत्रों की जांच मंगलवार को शुरू हुई। कस्तूरबा के कुल 163 शिक्षक और कर्मचारियों में से पहले दिन कुल पांच ब्लाकों के 63 लोगों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच की गई। जांच का कार्य जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता की ओर से गठित तीन सदस्यीय जांच टीम कर रही है। समिति में बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक हरिश्चंद्र यादव, देवकली के खंड शिक्षाधिकारी राजेश कुमार यादव और कासिमाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शामिल हैं। पहले दिन काउंसलिंग में मरदह के 14, बिरनो के 13, भांवरकोल एवं बाराचवर के दस-दस और मुहम्मदाबाद के 12 शिक्षकों एवं कर्मचारियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच हुई। इस दौरान शिक्षकों के सभी शैक्षिक प्रमाणपत्रों के अलावा पैन कार्ड, आधार कार्ड, निवास प्रमाणपत्र की भी जांच की गई। समिति ने सभी प्रमाणपत्रों को प्रथम दृष्टया देखकर रख लिया। उसे सत्यापन के लिए बोर्ड को भेजा जाएगा। काउंसलिंग के दौरान जांच प्रक्रिया का निरीक्षण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने काउंसलिंग से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी समिति के सदस्यों को दिया। बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक हरिश्चंद्र यादव ने बताया कि दूसरे दिन बुधवार को रेवतीपुर, मनिहारी, देवकली, कासिमाबाद और सादात स्थित कस्तूरबा विद्यालय की जांच होगी । इसके अलावा, शेष तीन ब्लाक सदर, सैदपुर और जखनियां की जांच 18 जून को की जाएगी।