देवकली पुल के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के किनारे पलटा डंपर। स्रोत- ग्रामीण
करंडा। रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के फोरलेन हाईवे पर देवकली पुल के पास शुक्रवार की रात गिट्टी लदा डंपर अनियंत्रित होकर सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे खाई में पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं।
संयोग अच्छा रहा कि इतनी ऊंचाई से डंपर के पलटने के बावजूद चालक की जान बच गई। रामपुर माझा थानाध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डंपर वाराणसी से गाजीपुर की ओर जा रहा था। देवकली पुल के पास पहुंचने पर चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरा।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। डंपर में लदी गिट्टी खाई में बिखर गई। देवकली पुल के पास गिट्टी लदा डंपर खाई में पलट गया था। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई है। संवाद