थाना क्षेत्र के डाड़ी टाेल प्लाजा के पास सोमवार की रात चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में कार में बैठे गोरखपुर महानगर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष की मौत हो गई। उनकी पत्नी और दो बेटियां घायल हो गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों का उपचार वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना के बड़गांव रानीबाग निवासी कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी (44) पत्नी रंजना तिवारी (40) पुत्री अदिति (17) और उन्नती (15) के साथ कार से विंध्याचल देवी दर्शन व पूजा करने गए थे। दूसरी कार में उनके मित्र अपने परिवार के साथ थे। वापस लौटते समय दोनों मित्रों ने परिवार के साथ खाना खाया और फिर गोरखपुर के लिए रवाना हो गए। टोल प्लाजा से मित्र की कार आगे निकल गई। इधर कांग्रेस नेता की कार के चालक अमन को अचानक झपकी आ जाने से कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जाकर टकरा गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आशुतोष तिवारी, उनकी पत्नी व दो पुत्रियों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आए। जहां डाॅक्टरों ने आशुतोष तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी व पुत्रियों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना की जानकारी होते ही कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के मामा सुधीर शुक्ला की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।