सुहवल के महादेवां के पास सड़क हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : GHAZIPUR
जंगीपुर/सुहवल। दो थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में वाहन चालक की मौत हो गई। जबकि नौ अन्य घायल हो गए। जंगीपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव के पास मंगलवार की सुबह घने कोहरे के चलते दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में 25 वर्षीय चालक की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। वहीं, सुहवल थाना क्षेत्र के महादेवा के पास दोपहर एक बजे बाइक सवारों की चार पहिया वाहन से टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। जंगीपुर : थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव के पास मंगलवार की सुबह घने कोहरे के चलते दो वाहनों के आमने- सामने की टक्कर में चालक की मौत हो गई। छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महाराजगंज जनपद के बृजमनगंज के थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह छुट्टी में वाराणसी के चौबेपुर घर आए हुए थे। सुबह ब्रेजा कार से महाराजगंज लौट रहे थे। इधर शेखपुर गांव के पास सामने से आ रही आर्टिगा कार से आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार सवार थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, मुबारक अली, मिंटू सिंह और आर्टिगा में सवार सरिता, सुशीला, निशा और चालक श्याम सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने आर्टिगा कार के चालक बिरनो थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी श्याम सुंदर (25) को मृत घोषित कर दिया। वहीं छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि दो कारों के आमने-सामने की टक्कर में एक चालक की मौत हो गई है। जबकि छह गंभीर रूप से घायल हैं। सुहवल : थाना क्षेत्र के महादेव स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को ताड़ीघाट-बारा नेशनल हाईवे पर चार पहिया वाहन के टक्कर से बाइक सवार महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। युवराजपुर गांव निवासी आकाश अपनी बड़ी मां मंजू देवी को रेबीज का इंजेक्शन लगवाने जिला अस्पताल अपने मित्र सत्येंद्र चौधरी के साथ बाइक से जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास पहुंचे रेवतीपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार काले रंग के चार पहिया वाहन ने बाइक में क्कर मार दी। जिससे तीनों घायल हो गए। चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टरो ने मंजू देवी और सतेंद्र चौधरी की स्थिति गंभीर होने पर वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सलिल स्वरूप आदर्श ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।