करीमुद्दीनपुर के नेवादा में ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से चालक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : GHAZIPUR
दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में पोखरा के पास रविवार की देर रात तेज रफ्तार एक ट्रैक्टर-ट्राली गड्ढे में पलट गई। उसमें दबने से चालक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से घर में कोहराम मच गया।
मालूम हो क्षेत्र के असावर गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता (35) ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह रविवार को ईंट भट्ठा से ईंट लादकर उसे गिराने के लिए गोड़उर गांव गया था। गिराकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब तीन बजे तेज रफ्तार ट्रक नेवादा गांव में पोखरा के पास गड्ढे में पलट गया। चालक इंजन में लगे बड़े पहिया के नीचे दब गया। दुर्घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में असावर चौकी इंचार्ज केशवराम यादव पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से पहिया के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकलवाया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी अनीता सहित परिवार के अन्य लोग चीख-पुकार करने लगे। रोने की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोगों की नींद टूट गई। वह मौके पर पहुंचकर बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। सुरेंद्र परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक दिव्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।