गहमर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बारा गांव में मजदूरी मांगने पर एक जेसीबी चालक को मारने- पीटने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित चालक की तहरीर पर शुक्रवार को दो आरोपियों पर प्राथमिकी दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बारा गांव के मठिया मुहल्ला निवासी आकाश चौधरी ने तहरीर देकर जानकारी दी कि बारा गांव के अरबाज खां उर्फ जकरी के जेसीबी मशीन पर चालक का कार्य करता था। पीड़ित लंबे समय से मजदूरी मांग रहे थे, लेकिन अरबाज खां टालमटोल कर रहे थे। सुबह 11 बजे जेसीबी मालिक अरबाज खां ने उसे मजदूरी का हिसाब करने के बहाने मगरखाई गांव के पास बुलाया। जब आकाश मगरखाई पहुंचा तो वहां बिट्टू यादव भी मौजूद था। पीड़ित ने बताया कि अरबाज खां और बिट्टू यादव गाली देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर अरबाज और बिट्टू ने मिलकर लाठी-डंडे व लोहे की राॅड से हमला कर दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित आकाश चौधरी की तहरीर पर अरबाज और बिट्टू यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर जांच की जा रही है।