गाजीपुर। कोरोना संक्रमण का फैलाव ग्रामीण इलाकों में न हो। इसको लेकर जिला पंचायत राज विभाग की ओर से ठोस कदम उठाया जा रहा है। गांवों में साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शनिवार को डीपीआरओ रमेश उपाध्याय ने सदर एवं देवकली ब्लाक का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिलने और अनुपस्थित पाए जाने पर पांच सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया। इसकी जानकारी होते ही मनमाने रूप से ड्यूटी करने वाले सफाई कर्मियों में खलबली मच गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्रामीण इलाकों में साफ-सफाई और सेनेटाइजेशन का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीपीआरओ को शिकायत मिल रही थी कि सदर ब्लाक के फतेहपुर अटवा और देवकली गांव में सफाई कर्मी कई दिनों से नदारद हैं। गांवों में सेनेटाइजेशन तो दूर साफ-सफाई भी नहीं हो रही है। इस पर डीपीआरओ ने इन गांवों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सदर ब्लाक के फतेहपुर अटवा में तैनात सफाई कर्मी इशरत जहां, माधुरी, इंदा देवी, देवकली में गिरजा देवी और महराजगंज में सनेही राम नदारद मिले और गंदगी का अंबार दिखाई पड़ा। इस पर डीपीआरओ ने इन सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया।