शनिवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश के चलते जमानिया विद्युत सब स्टेशन में लगे 5 मेगावाट का ट्रांसफार्मर जलने और ताड़ीघाट-रेवतीपुर विद्युत उपकेंद्रों को विद्युत आपूर्ति करने वाली 33 हजार हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन में तकनीकी खराबी आ गई। इससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। रविवार को शाम सात बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
शनिवार की देर शाम आई तेज आंधी और वर्षा के चलते क्षेत्र के गांव चवरी, भुआलचक, तिवारीपुर, ढढ़नी, महुआरी, मलसा, बैकुंठपुर, बैरनपुर, गरूआ मकसूदपुर, भगीरथपुर, खजुहां, अंधारीपुर, डुहियां, बहलोलपुर, ताड़ीघाट, मेदिनीपुर, कालूपुर, सुजानपुर, बवाड़ा, युवराजपुर, भिक्खीचौरा, पटकनियां, गौरा, डेढ़गांवां, पकड़ी कल्यानपुर, गोपालपुर, टौंगा, उधरनपुर, रेवतीपुर, रामपुर, नगदीलपुर, त्रिलोकपुर, नवली, उतरौली, भिटुकवां, हसनपुरा, अठहठा सहित दर्जनों गांव विद्युत आपूर्ति ठप हो जाने से अंधरे में डूबे हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई हाईटेंशन विद्युत तार और खंभे वर्षों से जर्जर हो चुके हैं। आपूर्ति ठप होने से लोगों को कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ रहा हैं। इससे दर्जनों राजकीय नलकूप, जल निगम की पेयजल टंकी, निजी पंप सेट आदि शोपीस बने हुए हैं। क्षेत्रीय किसान भोलानाथ राय, पिंटू, उमाशंकर सिंह, धनजी सिंह, अरविंद मिश्रा, धंनजय सिंह, अनूप राय, पंकज यादव, सर्वचन राय, मुकेश सिंह, मिथिलेश सिंह, राजदेव यादव, लोहा राय, नागा राय, हरिशंकर सिंह आदि ने बताया आए दिन हमें कटौती की समस्याओं से रूबरू होना पड़ता है। फसलों पर इसका सीधा प्रभाव पड़ता है।
इस संबंध में विद्युत विभाग खंड द्वितीय के एसडीओ शिवम राय ने बताया कि 33 हजार हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन में तकनीकी खराबी और जमानिया सब स्टेशन में लगे 5 एमवी का ट्रांसफार्मर जल जाने से इन गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। जल्द ही आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कर दी जाएगी।