कासिमाबाद में जल निगम से पानी की आपूर्ति बाधित होने पर ठेले पर पानी लेकर आता व्यवसायी। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
कासिमाबाद। जल निगम की बोरिंग खराब होने से कस्बा सहित 12 गांवों में पानी की आपूर्ति पिछले एक पखवारे से बंद है। ऐसे में लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि जल निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण बोरिंग खराब हुई है। निगम की ओर से जलापूर्ति के लिए दो पंप हाउस के साथ एक की पानी टंकी का निर्माण चार दशक पूर्व कराया गया था। मरम्मत और अधिकारियों की लापरवाही के कारण पानी टंकी से आपूर्ति पिछले 10 वर्षों से नहीं हो पा रही है। एक पंप हाउस लंबे समय से बोरिंग फेल होने के कारण बंद है। मौजूदा समय में केवल एक पंप के सहारे जलापूर्ति हो रही थी। इससे 36 गांवों को पानी दिया जा रहा था। एक-एक कर सभी पाइपलाइन बंद होती गई। इस समय केवल 12 गांवों के साथ कासिमाबाद कस्बे को जलापूर्ति हो रही थी। एक पखवारे से दूसरे पंप हाउस की बोरिंग भी फेल हो गई है और पानी बंद हो गया। अधिकारियों के अनुसार, अब यहां दो नए पंपहाउस के साथ नई पानी टंकी और नई बोरिंग जब तक नहीं होगी आपूर्ति संभव नहीं है। जबकि उपभोक्ताओं का कहना है कि पंप हाउस नंबर दो की बोरिंग फेल नहीं हुई है बल्कि उसकी जाली फट गई है। नई जाली लगवाकर आपूर्ति बहाल की जा सकती है। लेकिन अधिकारी रुचि नहीं ले रहे हैं। अधिशासी अभियंता जल निगम एमक्यू हाशमी ने बताया कि दोनों पंप हाउस और उसकी बोरिंग फेल हो चुकी है। वहां पर पूरी तरह से नई योजना के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। बोरिंग फेल होने के कारण ही पानी आपूर्ति बाधित है। ठीक कराने में समय लगेगा।