शहर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित पांचवीं राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को हो गया। सप्ताह भर चली प्रतियोगिता में सीनियर इंडियन राउंड पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मेजबान गाजीपुर ने अपना दबदबा बनाए
रखते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। सीनियर इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में वनवासी आश्रम सोनभद्र दूसरे, मेरठ तीसरे स्थान तथा महिला वर्ग में सोनभद्र द्वितीय एवं मेरठ को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा। जूनियर ओलंपिक राउंड में
मेरठ पहले, गाजीपुर दूसरे एवं चंदौली तीसरे तथा मिश्रित युगल में गाजीपुर की सविता और सूर्यप्रताप की जोड़ी अव्वल रही। बागपत को दूसरा एवं चंदौली को तीसरा स्थान मिला। सीनियर इंडियन राउंड बालक वर्ग 50 मीटर में गाजीपुर के
विकास तिवारी पहले, यहीं के सूर्यप्रताप दूसरे तथा वनवासी आश्रम के वीरलाल तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में चंदौली की प्रीति प्रथम, गाजीपुर की साधना दुबे द्वितीय तथा बागपत की रितिका सिंह तृतीय रहीं। जूनियर इंडियन राउंड
बालिका वर्ग में मेजबान गाजीपुर के तीरंदाजों का वर्चस्व रहा। जिले की सविता वर्मा पहले, साधना दुबे दूसरे एवं अंजली तीसरे स्थान पर रही। जूनियर रिकर्व बालिका वर्ग में गाजीपुर की नमिता वर्मा प्रथम, वर्षा द्वितीय तथा सोनभद्र की
अनुराधा तृतीय रहीं। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के सचिव अजय गुप्ता एवं गाजीपुर के नए अध्यक्ष डा. मुकेश सिंह ने विजयी तीरंदाजों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इसके बाद गाजीपुर
तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे, द्रोण आर्चरी अकादमी के निदेशक गोपीनाथ साहू, चीफ मैनेजर मौसमी साहू ने संघ के पदाधिकारियों को सम्मानित किया। आफीशियल सत्यदेव, सुरेश कश्यप, शिशुपाल, वैभव दीक्षित के अलावा टीम के
प्रशिक्षकों दीपक शर्मा, शैलेश, धरती सिंह, राकेश मौर्य को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुदामा राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में आयोजक अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सतीश दुबे ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।