जिलाधिकारी डॉ. अशोक चंद्र ने बुधवार को जिला और महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करते हुए मरीजों को मिलने वाले स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। उन्होंने महिला अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों, टीकाकरण केंद्र और
नसबंदी के आकड़ों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया।
जिला और महिला अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निरीक्षण की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी ने सबसे पहले जिला अस्पताल के आपातकालीन कक्ष का गहन निरीक्षण किया। आपातकालीन कक्ष
में तैनात चिकित्सकों से मरीजों को उपलब्ध की जाने वाली सुविधाओं की भी जानकारी ली। इसके बाद वह जिला महिला अस्पताल पहुंचे। महिला अस्पताल के ओपीडी, वितरण केंद्र और कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने
कार्यालयों के रजिस्टर का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य कर्मियों से पूछताछ की। इसके बाद वे नसबंदी कार्यालय के स्वास्थ्य कर्मी से पूरे वर्ष हुए नसबंदी कार्यक्रमों और महिला नसबंदी के आकडों के बारे में गहनता से पूछताछ की।
टीकाकरण में पैसा लेने की शिकायत पर उन्होंने टीकाकरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। केंद्र में मौजूद एएनएम से बच्चों को लगने वाला नियमित टीकाकरण के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात बच्चों को टीका लगवाने के लिए मौजूद
परिजनों से टीका के नाम पर पैसा लेने के बाबत पूछताछ करते हुए केंद्र में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को कड़ी हिदायत दी। इसके बाद उन्होंने महिला अस्पताल के वार्डों में भर्ती महिला मरीजों से मिल रही चिकित्सा सुविधा की जानकारी
ली। निरीक्षण के दौरान उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को कार्य में सुुुधार लाने की कड़ी हिदायत दी। इस मौके पर जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके मिश्रा, महिला सीएमएस डॉ. विनीता जायसवाल, डॉ. बीके श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।