गाजीपुर। जिला उद्योग एवं स्वरोजगार बंधु की बैठक राइफल क्लब सभागार में हुई। इसमें जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड वाराणसी की टीम को जनपद में संचालित हो रहे पांच अवैध ईंट भट्ठों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके अलावा डीएम ने उद्यमियों से समस्याएं पूछीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम के अंतर्गत बताया गया कि 2020-21 में भौतिक लक्ष्य 30 एवं वित्तीय लक्ष्य 75 लाख प्राप्त हुआ। अभी तक 114 ऋण आवेदन आनलाइन प्राप्त हुए जिसके सापेक्ष 66 ऋण आवेदन पत्र चयन कर बैंक शाखाओं को भेजा गया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 2020-21 मेें लक्ष्य 56 एवं वित्तीय लक्ष्य 168 लाख प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में बताया गया कि निवेश मित्र अंतर्गत अनुमतियां, अनापत्तियां, पंजीयन, लाइसेंस आदि निर्गत करने के लिए एकलमेज व्यवस्था लागू है। इसकी वेबसाइट www.niveshmitra.up.nic.in पर उद्यमियों द्वारा कामन अप्लीकेशन आनलाइन भरा जाता है।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड अप योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, स्वत: रोजगार योजना की समीक्षा की। अन्य विभागों में संचालित ऋण परक योजनाओं, लोन से संबंधित आवेदन की प्रगति के संबंध में जिला अग्रणी प्रबंधक को अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, सीएफओ गाजीपुर, सहायक आयुक्त अजय कुमार गुप्त एवं संबंधित विभाग के अधिकारी तथा जिले के उद्यमी एसके दूबे, जयकिशुन साहू, वशिष्ठ सिंह यादव आदि उपस्थित थे।