स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में आशा सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस मौके पर उन्होंने आशाओं को संदेश देते हुए कहा कि जिले की सभी आशाएं अपने कार्य को और बेहतर तरीके से करते हुए दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले तक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। साथ ही पिछले वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल करने के साथ शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण कराए। यहीं नहीं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में लोगों को बताने का काम करें। कहा कि आशा डायरी एवं आरसीएच रजिस्टर के साथ एमसीटीएस पोर्टल पर लाभार्थियों के मोबाइल नंबर सही अंकित कराने का काम करवाए। वर्ष 2015-16 में अपने-अपने विकासखंड क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मुन्नी एवं आफरीन को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी धर्मात्मा त्रिपाठी ने कहा कि पिछले वर्ष उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशाओं की नगद धनराशि पुरस्कार पीएफएमएस के माध्यम से उनके खाते में भेज दिया गया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रभुनाथ ने कहा कि आशाएं स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ है एवं उनके द्वारा मातृ-मृत्यु, जननी सुरक्षा योजना, जननी सुरक्षा योजना आदि कार्यक्रमों पर विस्तृत प्रकाश डाला। एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा ने भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी आशाओं को दी। इस मौके पर अनिल कुमार वर्मा, अमित राय, राघवेंद्र सिंह, धनंजय तिवारी, धर्मेद्र सिंह यादव, शशिभूषण सिंह, अशोक पांडेय, शिवकुमार, कमल नारायण राय, राजेश यादव आदि मौजूद रहे।