सितंबर माह के अंतिम सप्ताह तक कार्यदायी संस्था नवनिर्मित भवन कर देगी सुपुर्द
चिकित्सकीय सुविधाओं से होगा लैस, जांच से लेकर आपरेशन तक की होगी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। लंबे समय का इंतजार अब समाप्त होने वाला है। पीपी मॉॅडल के भवन में संचालित जिला महिला अस्पताल का संचालन अब अक्टूबर माह से नए भवन में होगा। सितंबर माह के अंतिम सप्ताह तक कार्यदायी संस्था मेडिकल कालेज प्रशासन को नवनिर्मित भवन सुपुर्द कर देगा। ऐसे में अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं से लैस अस्पताल में एक ही छत के नीचे जांच से लेकर आपरेशन तक की व्यवस्था होगी, जिससे महिला मरीजों को इधर-उधर न तो भटकना पड़ेगा और न ही निजी जांच केंद्रों पर पहुंचकर जांच के नाम पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
शहर के मध्य मिश्र बाजार स्थित पुराने जिला अस्पताल की खाली जमीन पर 100 बेड जिला महिला अस्पताल की सौगात शासन ने वर्ष 2013- 2014 में ही दे दी थी, लेकिन पुराने अस्पताल का संचालन उस जगह पर होने पर परियोजना अधर में लटकी हुई थी। वर्ष 2018 में जिला अस्पताल गोरा बाजार स्थित नवनिर्मित भवन में शिफ्ट होने के बाद पुराने भवन को ध्वस्त करने का कार्य शुरू किया गया था।
शासन की ओर से छह करोड़ 54 लाख रुपये में 100 बेड के जिला महिला अस्पताल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण इकाई बलिया की ओर से कार्य शुरू किया गया, लेकिन कोरोना संक्रमण काल ने निर्माण कार्य को धीमा हो गया। करीब दो वर्ष के बाद कार्य तेज हुआ। तब- तक जिला महिला अस्पताल मेडिकल कालेज से संबंद्ध हो गया।
कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य पूर्ण करने के साथ सितंबर माह के अंतिम सप्ताह तक सुपुर्द करने की तैयारी की जा रही है, जिससे अक्तूबर तक नए भवन में संचालन शुरू हो सके। इस संबंध में महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने बताया कि नए भवन में अस्पताल शिफ्ट करके अक्टूबर माह में संचालित कर दिया जाएगा। ऐसे में चिकित्सकीय सुविधाएं भी यहां बढ़ेगी।