माता कमली विद्या इंटर कालेज नुआंव में स्काउट गाइड के प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र के वितरण का कार्यक्रम शनिवार को आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य विजयशंकर यादव ने स्काउट गाइड के प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र और मेडल देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने राष्ट्रसेवा के साथ-साथ देश को स्वच्छ बनाने और सहयोग की अपील की तथा बच्चों को पढ़ाई के साथ साथ समाज की सेवा करने का पाठ पढ़ाया। जिला संगठन आयुक्त अरविंद कुमार यादव ने बच्चों को खुले में शौच न जाने के लिए प्रेरित किया और अन्य परिवार को भी खुले में शौच न जाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। विद्यालय के वरिष्ठ सहयोगी रामजी सिंह ने स्काउट गाइड टीम का विद्यालय में आने पर आभार प्रकट करते हुए बच्चों को अनुशासित रहने के लिए कहा तथा हिंदुस्तान स्काउट गाइड की महानता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन दिनों हर क्षेत्र में स्काउट गाइड का महत्व बढ़ता जा रहा है। इस अवसर पर रुपचंद्र यादव, प्रियंका सिंह, रामजी सिंह, शिवकुमार पासवान, रामविलास पासवान, रामप्रसाद यादव, उमाशंकर यादव, मनोज यादव, हनुमान यादव, करिमन यादव, नितीश यादव आदि मौजूद रहे।