जमानिया स्थित विद्युत उपकेंद्र के ट्रांसमिशन लाइन में शनिवार की देर रात तकनीकी खराबी आने से ताड़ीघाट, रेवतीपुर और ढढ़नी विद्युत उपकेंद्र से संबंधित सैकड़ों गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली के अभाव में एक तरफ जहां लोग गर्मी से बेहाल रहे, वहीं पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। खेतों की सिंचाई का काम व क्षेत्र के छोटे बड़े उद्योग-धंधे पूरी तरह से ठप रहे। समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
जमानिया स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र से ढढ़नी, ताड़ीघाट और रेवतीपुर विद्युत उपकेंद्र को सप्लाई मिलती है। शनिवार रात करीब 11 बजे जमानिया विद्युत उपकेंद्र पर ट्रांसमिशन लाइन में खराबी आने से इन उपकेंद्रों की सप्लाई ठप हो गई, जिससे इन तीनों उपकेंद्रों से जुड़े सोनवल, भुआलचक, चवरी, मलसा, ढढनी, खजुहां, नगसर, मेदिनीपुर, बहलोलपुर, ताडीघाट, सुजानपुर, बवाड़ा, युवराजपुर ,पटकनियां, कल्यानपुर, गौरा, सुहवल, अधियारा, रमवल, सुगवलियां, डेढगावां, टौंगा, उधरनपुर, रामपुर, उतरौली, त्रिलोकपुर, नगदीलपुर दर्जनों गांव अंधेरे में डूब गए।
बिजली कटते ही कूलर-पंखा बंद होने पर सोए लोग जाग गए और बत्ती आने का इंतजार करने लगे। काफी देर बाद भी आपूर्ति शुरु न होने से अधिकांश लोग मकानों की छतों और बाहर आकर सो गए। बिजली के अभाव में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से सुबह पानी के लिए हाहाकार मच गया। नहाने की कौन कहे, पीने के पानी के लिए लोगों को घरों के आसपास मौजूद हैंडपंपों और कुओं तक की दौड़ लगानी पड़ी।
नलकूपों के बंद रहने से किसान खेत की सिंचाई करने के लिए परेशान रहे।एसडीओ जमानिया शिवम राय ने बताया कि ट्रांसमिशन लाइन में तकनीकी खराबी आ जाने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। इसकी मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसके पूरा होते ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।