बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शहर से सटे गंगा विशुनपुर स्थित ब्लाक संसाधन केन्द्र सदर पर एक कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित किया गया। इस अवसर पर 187 विकलांगों को सहायक उपकरण का वितरण मुख्य अतिथि मुख्य विकास
अधिकारी अरविंद पांडेय ने किया। उपकरण पाते ही विकलांगों के चेहरे खिल उठे। सहायक उपकरण वितरण शिविर में मुख्य विकास अधिकारी श्री पांडेय ने कहा कि इनमें काफी क्षमता है, अक्षमता एक है। स्वामी श्रीरामभद्राचार्य की चर्चा
करते हुए कहा कि उनकी दृष्टि क्षमता न होते हुए भी उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना की। इसमें हजारों विकलांग उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसी तरह हम सभी को विकलांगों के लिए कुछ करना चाहिए जिससे आत्म निर्भर एवं शिक्षा प्राप्त
कर सकें। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी चन्द्रकेश सिंह यादव ने कहा कि शासन की तरफ से इन बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए सभी तरह के उपकरण एवं उपस्कर उपलब्ध कराए जा रहे हैं लेकिन अभिभावकों को जागरूक होना पड़ेगा। इनके
लिए जिन भी चीजों की आवश्यकता होगी, उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में 43 ट्राईसाइकल, 30 व्हीलचेयर, 85 कैलीपर, ब्लाइंड केन और ब्रेल किट 2-2, क्रच्स 12, रोलेटर 10 तथा 3 वाकिंग छड़ी का वितरण किया गया। सहायक उपकरण
वितरण शिविर में खंड शिक्षाधिकारी सदर सीताराम ओझा, विशेष शिक्षक अभिलेष सिंह, कुशलपाल सिंह, अरविंद यादव तथा कविन्द्रदीप सिंह आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रामप्रकाश एवं आभार समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक
अनुपम गुप्ता ने व्यक्त किया।