गाजीपुर। बोर्ड परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन शुक्रवार को चौथे दिन जिले के सभी छह मूल्यांकन केंद्रों पर जारी रहा। सभी छह केंद्रों पर एक लाख 25 हजार 828 कापियां जांची गईं। आज जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय ने राजकीय बालिका इंटर कालेज और राजकीय सिटी इंटर कालेज स्थित मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण किया। अंक प्रदान करने में कुछ परीक्षकों की ओर से त्रुटियां की गई थीीं, जिसे उन्होंने तुरंत सही कराया। उन्होंने उप नियंत्रक सुधा सिंह और हरेंद्र कुमार को निर्देश दिया कि वह अंकेक्षण का कार्य नियमित करा लिया करें। मूल्यांकन के चौथे दिन अष्ट शहीद इंटर कालेज मुहम्मदाबाद केंद्र पर 28 हजार 678, राजकीय बालिका इंटर कालेज केंद्र पर 17 हजार 29, राजकीय सिटी इंटर कालेज केंद्र पर 21 हजार 401 कापी जांची गई। शिवपूजन इंटर कालेज मलसा केंद्र पर 14 हजार 884 कापी, बापू इंटर कालेज सादात केंद्र पर 20 हजार 761 और शहीद स्मारक इंटर कालेज नंदगंज स्थित केंद्र पर 23 हजार 75 कापियों का मूल्यांकन किया गया। बापू इंटर कालेज सादात मूल्यांकन केंद्र पर पर्यवेक्षक राम अवतार यादव और उप नियंत्रक विरेंद्र कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान अंग्रेजी के एक परीक्षक की जांची गई कापियों की रैंडम चेकिंग की। इसमें परीक्षक ने कापी पर 49 अंक प्रदान किया था, जबकि कापी के अंदर 48 अंक दिए गए थे। इस पर पर्यवेक्षक ने परीक्षक को चेतावनी देते हुए गलत अंक को संशोधित कराया। उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर भूगोल की कापी का मूल्यांकन पूर्ण कर लिया गया है। नंदगंज मूल्यांकन केंद्र पर निरीक्षण उप नियंत्रक उदयराज और पर्यवेक्षक सुधीर कुमार विश्वास ने किया। निरीक्षण के समय मिली कमियों को सुधरवा दिया गया। शिवपूजन इंटर कालेज केंद्र पर उप नियंत्रक डा. अरविंद कुमार सिंह और पर्यवेक्षक जयप्रकाश गुप्ता ने जबकि मुहम्मदाबाद स्थित केंद्र पर पर्यवेक्षक शिवानंद यादव और उप नियंत्रक शिवशंकर गिरि ने निरीक्षण किया।