कासिमाबाद। बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी को पत्र लिखकर कासिमाबाद क्षेत्र को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए एप्रोच मार्ग की डिमांड की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि कासिमाबाद क्षेत्र आवागमन के लिए काफी महत्वपूर्ण है। यहां से एक बड़ी आबादी विभिन्न यातायात के साधनों से आती-जाती है। यहां व्यस्त बाजार भी है। साथ ही तहसील मुख्यालय भी स्थित है। पत्र के माध्यम से सांसद ने तर्क दिया है कि अगर यह इलाका एक्सप्रेस-वे से जुड़ जाएगा तो इसका लाभ क्षेत्रीय जनता को मिलेगा और भविष्य में भी इस इलाके में आधारभूत संरचना में बढ़ोतरी, नए रोजगार के अवसर और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण कार्य सिद्ध होगा। गौरतलब है कि विगत शनिवार को निरीक्षण के दौरान स्थानीय पत्रकारों के सवाल के जवाब में औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना द्वारा आश्वासन दिया गया था कि कासिमाबाद तहसील मुख्यालय को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से एप्रोच रोड द्वारा जोड़ा जाएगा। उन्होंने बाकायदा पत्रकार वार्ता में जिलाधिकारी को निर्देशित किया था कि इस आशय का प्रस्ताव बनाकर जल्द से जल्द शासन को भेजें। अब जबकि बलिया के सांसद द्वारा पत्र लिखकर एप्रोच मार्ग की मांग की गई है तो क्षेत्रवासियों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने के लिए एप्रोच मार्ग की उम्मीदें बढ़ गई हैं।