गोरखपुर में आयोजित अस्मिता नेशनल वीमेंस रोइंग लीग में पार्टनर बी. मनुषा के साथ रजत पदक विजेता द
देवकली। जिले के राजनपुर (मुड़ियार) गांव की होनहार खिलाड़ी दीक्षा कुशवाहा ने अपने शानदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। बीते दिनों गोरखपुर स्थित रामगढ़ ताल में आयोजित अस्मिता नेशनल वीमेंस रोइंग लीग में उन्होंने हैदराबाद क्वींस टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक पर कब्जा जमाया। गोरखपुर में फाइनल मुकाबले में हैदराबाद क्वींस की जोड़ी ने 3 मिनट 52.3 सेकेंड का समय निकाला, जबकि विजेता टीम कटक रोइंग क्लब ने 3 मिनट 52 सेकेंड का समय दर्ज किया। महज कुछ माइक्रो सेकेंड के अंतर से दीक्षा स्वर्ण पदक से चूक गईं, लेकिन उनके संघर्ष और प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया। मालूम हो कि दीक्षा ने 10 मई को चंडीगढ़ में चार पदक जीत कर पूरे देश में जिले का मान बढ़ाया था। उसके पिता अशोक कुशवाहा भारतीय सेना के 70 रेजीमेंट में इंजीनियर पद पर कार्यरत हैं। प्रतियोगिता में सफलता मिलने पर पूर्व सभासद राजेश कुशवाहा एवं देवनाथ कुशवाहा ने बधाई देते हुए दीक्षा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।