शहर के छावनी लाइन स्थित न्यू सम्राट ढाबा में ग्राहक के प्लेट में मिला चूहा। स्रोत- सोशल मीडिया
गाजीपुर। भोजन करने गए एक ग्राहक के दही के प्लेट में चूहे मिलने से न्यू सम्राट ढाबा सील कर दिया गया है। इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा व औषधी प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त द्वितीय आरसी पांडेय ने बताया कि अगले आदेश तक ढाबे में खाना बनाने और परोसने का काम बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि दही के प्लेट में चूहे मिलने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस पर मामले का संज्ञान लिया गया और खाद्य विभाग की टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने बृहस्पतिवार को न्यू सम्राट ढाबा पर छापा मारा। जांच के दौरान ढाबा संचालक ने भी यह स्वीकार किया कि दही की प्लेट में चूहा पाया गया था। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए खाद्य विभाग ने ढाबे को सीज कर दिया और अगले आदेश तक खाना बनाने व परोसने पर रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि कई अन्य गंभीर खामियां भी सामने आईं। बताया कि ढाबे में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी, पेस्ट कंट्रोल की कोई व्यवस्था नहीं थी और बर्तनों की गुणवत्ता सहित कई मानक नियमों का उल्लंघन पाया गया। खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।
वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई है। जांच में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। ढाबे को सीज कर दिया गया है। जब तक सभी खामियां दूर नहीं की जातीं, ढाबे में खाना बनाने और परोसने का काम बंद रहेगा। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। -आरके पांडेय, संयुक्त निदेशक, खाद्य विभाग