गाजीपुर वाराणसी फोर लेन पर नसीरपुर के पास नेपाल से प्रयागराज महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी एक वाहन से टकरा गई।
घटना में नेपाल निवासी छह श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। सैदपुर थाने की पुलिस क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर थाने ले गई।
नेपाल से श्रद्धालु सड़क मार्ग से गाजीपुर, वाराणसी होते हुए प्रयागराज जा रहे थे। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे गाजीपुर-वाराणसी फोर लेन पर नसीरपुर के पास अज्ञात वाहन से टकरा गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले गई।
वहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल बुद्धिराज रिमल (52) निवासी चितवन, नेपाल और चंद्रकला डकालल (59) निवासी काठमांडू की हालत गंभीर होने पर ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद वाहन चालक श्रवण खत्री (45), सत्येंद्र डकाल (59), मुकुंद प्रसाद (65), सौहार्द डकाल (4) को भी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल सभी श्रद्धालु काठमांडू के निवासी हैं। प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं के क्षतिग्रस्त वाहन को थाने पहुंचाया गया है। घायलों को वाराणसी रेफर कर दिया गया।