सुहवल। ग्राम पंचायतों में अब विकास कार्य को पंख लगेंगे। शासन की ओर से पहली किस्त के रूप में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत के लिए 30 करोड़ 73 लाख 61 हजार 665 रुपये जारी किए गए हैं। यह धनराशि निदेशक पंचायती राज को वितरित करने के लिए उपलब्ध करा दी गई है। आवंटन का 15-15 प्रतिशत जिला एवं क्षेत्र पंचायतों को जबकि 70 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को दिया गया है। इस तरह जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत को चार करोड़ 61 लाख पांच हजार 151 रुपये तथा ग्राम पंचायत को 21 करोड़ 51 लाख 57 हजार 373 रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। यह धनराशि ग्राम पंचायतों द्वारा अन्य चीजों के अतिरिक्त कोरोनासे लड़ने के लिए संसाधनों को बढ़ाने के काम में आएगा। 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार, मुक्त अनुदान की पहली किस्त जून 2021 में जारी की जानी थी लेकिन कोरोना से उत्पन्न स्थितियों और पंचायती राज्य मंत्रालय की अनुशंसाओं को देखते हुए सरकार ने सामान्य कार्यक्रम से पहले ही अनुदान जारी कर दिया है। आने वाले दिनों में पंचायती राज व्यवस्था को हर तरह से सशक्त किया जाएगा। पंचायतों में 15वेें वित्त आयोग की राशि से हर जरूरी कार्य करवाया जा सकेगा। इसके लिए ‘हमारी योजना हमारा विकास’ अभियान शुरु किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी रमेशचंद्र उपाध्याय ने बताया कि शासन से पंचायतों को मिलने वाली धनराशि की पहली किस्त जारी कर दी गई है। पंचायतों में विकास की योजनाएं बनाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। जल्द ही गांव में विकास कार्य शुरू होंगे।