गाजीपुर। शहर के साथ ही विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित कई बैंकों की शाखाओं और एटीएम पर कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं किया जा रहा है। बैंकों के बाहर ग्राहकों की लंबी कतार लग रही है। वहीं डाकघरों के बाहर तो भीड़ नहीं लेकिन कार्यालय में काम के सिलसिले में लोग पहुंच रहे हैं। विभिन्न एटीएम केंद्रों पर भी यही स्थिति है। सोशल डिस्टेंसिंग का कहीं भी पालन नहीं किया जा रहा। बैंक से जुड़े कर्मचारियों की मानें तो इस समय शादी-विवाह का मौसम चल रहा है। खरीदारी से लेकर अन्य सभी कार्यों में पैसों की जरूरत पड़ रही है। इसलिए लोग रुपयों की निकासी कर रहे हैं। हालत यह है कि काउंटरों पर भीड़ हो रही है। भीड़ देख कर्मचारी भी सहमे हुए हैं। उनका कहना है कि बैंक में बढ़ रही भीड़ को नियंत्रित किया जाना जरूरी है। दूसरी ओर जिन बैंकों की तरफ से एटीएम केंद्रों पर गार्डों की तैनाती नहीं की गई है। वहां भीड़ का तो नजारा ही अलग है। रुपये निकालने की होड़ में धक्का-मुक्की हो रही और लोग गाइड लाइन के नियमों को दरकिनार कर रहे हैं। शुक्रवार को शहर के विशेश्वरगंज स्थित एक बैंक के बाहर दो गज की दूरी को धता बताते हुए कई लोग कतार में खड़े थे। इन लोगों को देखकर मानो लग रहा था कि इनको कोरोना का जरा भी भय नहीं है। हैरानी की बात तो यह है कि संज्ञान में होते हुए भी जिम्मेदार बेपरवाह बने हुए हैं।