सावन के पहले सोमवार पर नगर के गोराबाजार स्थित बड़ा महादेवा मंदिर में जल चढ़ाते श्रद्धालु।
- फोटो : GHAZIPUR
सावन माह के पहले सोमवार को जिले के सभी शिव धामों समेत शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और दर्शन पूजन कर सुख समृद्धि की कामना की। भोर से पूरे दिन दर्शन पूजन और जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा। मरदह क्षेत्र के सिद्ध महाहर धाम में आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। बहुत से श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक भी किया। शिव धामों में सुरक्षा का प्रबंध किया गया। कोरोना गाइड लाइन का पालन भी कराया गया। शहर के मिश्रबाजार, बड़ा महादेव, ददरीघाट, चीतनाथ समेत अन्य शिव मंदिरों में श्रद्धालु ने पुष्प, बेलपत्र, धतूरा के साथ जलाभिषेक किया और धूप-दीप से बाबा की आरती की। पूरे दिन शिवालयों में हर-हर महादेव एवं बोल बोम का जयकारा गूंजता रहा। मरदह: भोर में चार बजे मंदिर का कपाट खुलते ही बोल बम, हर-हर महादेव के जयकारे के साथ श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। कोरोना के चलते कांवड़ यात्रा पर रोक लगने से महाहर धाम शिव मंदिर में आसपास के गांवों के लोगों ने जलाभिषेक किया। यहां सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर में कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बारी-बारी से जलाभिषेक कराया जा रहा था। औड़िहार : सैदपुर नगर के बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर में महा दुग्धाभिषेक भी किया गया। भोर से ही गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन और जलाभिषेक किया किया। मंदिर परिसर में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। शिव भक्तों ने जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर मन्नत मांगी। श्री बूढ़ेनाथ महादेव प्रबंध समिति की ओर से रुद्राभिषेक के साथ हवन-पूजन कराया गया। गंगा घाट पर पुलिस ने गोताखोर और छोटी-बड़ी नौकाओं के साथ एहतियात बनाए रखा। क्षेत्र के संगत घाट, रामघाट, सिद्धेश्वर घाट, वाराह रूप घाट, बिछुड़ननाथ महादेव पर पूरे दिन श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। सुहवल : मेदिनीपुर स्थित झारखंडेय महादेव मंदिर, सुहवल स्थित शिव मन्दिर, बवाडा, पटकनिया, ढढ़नी, ताड़ीघाट, गौरा, सोनवल, सुगवलिया, कालूपुर, अधियारां आदि शिवालयों में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गये थे। देवकली : धुवार्जुन ग्राम स्थित बाबा चौमुखनाथ धाम परिसर में स्थित चतुर्मुख शिवलिंग पर शिवभक्तों ने पूजन-अर्चन देवाधिदेव का जलाभिषेक किया। धाम समिति के अध्यक्ष बेचन राय, विनोद राय, पंकज राय ने बताया कि परिसर की सफाई तथा दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसकी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर सुधीर पांडेय, सुरेन्द्र राम, अवधेश प्रधान, सूर्यदेव राय आदि सहयोग कर रहे थे। मनिहारी : क्षेत्र के श्री औढ़र महादेव मंदिर सिद्धपीठ औढ़ारी मठ, कुंडेश्वर महादेव शिव मंदिर वाजिदपुर, डरेश्वर महादेव मंदिर सरायगोकुल सहित अन्य शिव मंदिरों में सुबह से ही भोलेनाथ का जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं के पूजन-अर्चना का सिलसिला शाम तक चलता रहा। मेला का आयोजन होता रहा है। परिसर में दर्शन-पूजन एवं खानपान के साथ ही विभिन्न दुकानें लगती रही हैं लेकिन कोविड गाइडलाइन के कारण इस बार न मेला का आयोजन किया गया है न ही परिसर में लगने वाली दुकानें लगी हैं।