माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2023 की परीक्षा में बैठने वाले व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन फार्म के पंजीकरण एवं अग्रसारण के लिए केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। केंद्रों के निर्धारण के लिए सिर्फ राजकीय विद्यालयों को ही अधिकृत किया गया है।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक सरिता तिवारी का आदेश पत्र सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को प्राप्त हो चुका है। इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों के आनलाइन पंजीकरण और अग्रसारण के लिए जिले में भी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को केंद्र बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले में कुल 28 राजकीय विद्यालय हैं। इनमें 16 राजकीय हाईस्कूल और 12 इंटरमीडिएट कालेज हैं। इनमें से 15 विद्यालयों को ही अग्रसारण केंद्र बनाए जाने की प्रक्रिया जिला विद्यालय निरीक्षक की तरफ से शुरू की गई है। व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में सिर्फ वही परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे सकते हैं जो हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में अनुत्तीर्ण होंगे। क्रेडिट सिस्टम के छात्र एवं छात्राएं और कक्षा-नौ में अग्रिम पंजीकरण कराए उत्तीर्ण छात्र जिन्होंने कक्षा-10 में नियमित अध्ययन नहीं किया है। इसके अलावा अन्य बोर्ड से हाईस्कूल या उसके समकक्ष परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे छात्र और कारागार में बंदी न्यूनतम कक्षा-आठ उत्तीर्ण छात्र एवं छात्राएं परीक्षा में आवेदन कर सकते हैं। व्यक्तिगत परीक्षा में भारतीय सेना में नियमित रूप से कार्यरत न्यूनतम कक्षा-आठ उत्तीर्ण सैन्यकर्मी परीक्षा देने के योग्य होंगे।