नंदगंज। थाना क्षेत्र के मुड़वल बुच्ची का पुरवा में गत दिवस हुई किशोर की हत्या में शामिल वांछित आरोपी को पुलिस ने सहेड़ी हाईवे से गिरफ्तार कर लिया। नंदगंज थाना के उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में वांछित आरोपी सहेड़ी हाईवे के पास कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी जितेंद्र राम निवासी मुड़वल को गिरफ्तार किया। बताया कि पकड़ा गया आरोपी बीते 30 मार्च को मुड़वल बुच्ची का पुरवा निवासी विशाल कुमार (16) को छह लोगों ने हमला कर घायल कर दिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के पिता उदयनारायण राम ने जितेंद्र राम सहित छह लोगों के विरुद्ध हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें पुलिस चार वांछित आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। शनिवार को पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। अब भी एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।