अब मथुरा के लिए बसों का अभाव नहीं खलेगा। राज्य सड़क परिवहन निगम के स्थानीय डिपो की ओर से जल्द ही यहां के लिए बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए निगम की तरफ से डिपो को तीन नई बसें उपलब्ध कराई गई है। इलाहाबाद होते हुए मथुरा के लिए ये बसें चलाई जाएगी। इन बसों का संचालन होने से जहां रोडवेज की आय में इजाफा होगा वहीं यात्रियों को भी काफी सहूलियत मिलेगी।
रोडवेज के स्थानीय डिपो की तरफ से आसपास के शहरों के साथ ही कई बड़े शहरों के लिए बसों का संचालन किया जा रहा है। मथुरा के लिए बस का संचालन न होने से यात्रियों को असुविधा हो रही थी। यात्रियों की तकलीफ को गंभीरता से लेते हुए निगम ने हाल ही में डिपो को तीन नई बसें उपलब्ध कराई है।
इन बसों का संचालन जल्द ही इलाहाबाद होते हुए मथुरा के लिए किया जाएगा। संचालन शुरू होने से मथुरा जाने वाले यात्रियों को टुकड़ों में यात्रा करने को विवश नहीं होना पड़ेगा। इसके साथ ही डिपो की ओर से गोरखपुर, सैदपुर, चंदौली होते हुए शक्तिनगर के लिए शीघ्र ही नई सेवा प्रारंभ की जाएगी। रात में चलने वाली रोडवेज की बसों को कोहरे के कहर से बचाने के लिए डिपो को फाग लाइट उपलब्ध कराई गई है।