गाजीपुर। शहर के पुलिस लाइन स्थित क्रिकेट मैदान अंडर-19 अंतर जनपद ट्रॉयल का चौथा मैच शनिवार को देवरिया और मऊ के बीच खेला गया। देवरिया ने मऊ पर 100 रनों से जीत दर्ज की। टॉस जीतकर मऊ ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देवरिया ने निर्धारित 45 ओवर में आशुतोष के नाबाद 64 और सुंदरम के 62 रनों के बदौलत 263 रन का स्कोर खड़ा किया। वहीं, मऊ की तरफ से अभिषेक यादव और दिव्यांशु गुप्ता ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मऊ की टीम 39वें ओवर के पहली गेंद पर ही 163 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। देवरिया के लिए विनय और अविनाश ने चार-चार विकेट लिया। मैच के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ चयनकर्ता कमलकांत कन्नौजिया, अंपायर अनुराग राठौर और सतीश पांडेय और स्कोरर अनिरुद्ध प्रकाश सिंह मौजूद रहे। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन और यूपी टी-20 के को-चेयरमैन एवं गवर्निंग कौंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ही मंडलीय टीम में शामिल किया जाएगा।