स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज के खेल मैदान पर क्रिकेट खेलते बलिया और देवरिया के खिलाड़ी। संवाद
गाजीपुर। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में पीरनगर स्थित स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के जीडीसीए मैदान पर खेले जा रहे कर्मवीर स्व. सत्यदेव सिंह इंटर-डिस्ट्रिक्ट चैंपियंस कप में रविवार को देवरिया ने बलिया को आठ विकेट से पराजित कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बलिया की टीम मजबूत शुरुआत नहीं कर सकी। आयुष्मान सिंह (26) और सत्यम कुमार यादव (नाबाद 25) के प्रयासों के बावजूद पूरी टीम 20वें ओवर में 97 रन पर सिमट गई। देवरिया की ओर से आशीष चौहान ने चार विकेट झटके। शान और अश्वनी द्विवेदी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वारिस और शेखर साहनी को एक-एक सफलता मिली।
98 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवरिया की टीम ने संयमित बल्लेबाजी की और 14वें ओवर की अंतिम गेंद पर दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बलिया की ओर से दोनों विकेट सचिन यादव ने लिए, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देवरिया के आशीष चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले में स्मृति राय और सौरभ ने अंपायर तथा मोहम्मद अम्मार, शिखर और मनीष ने स्कोरर की भूमिका निभाई। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने बताया कि सोमवार को मऊ और गाजीपुर-ए के बीच मुकाबला खेला जाएगा।