जिले में चार और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि ये चार मरीज अन्य जनपदों में जांच के दौरान पीड़ित पाए गए थे। वहीं मलेरिया विभाग की टीम लगातार शहर में लार्वा का छिड़काव करने में जुटी हुई है। साथ ही आशा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करने में जुटी हुई है।
मौसम में हुए परिवर्तन के बाद डेंगू बुखार ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। सैदपुर, देवकली सहित अन्य ब्लाक में मरीज पाए गए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। इधर नए चार और मरीजों के मिलने से संख्या 20 पहुंच गई है। वहीं विभाग की ओर 49 संदिग्धों का सैंपल जांच के लिए वाराणसी भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही डेंगू की पुष्टि हो पाएगी।
इस संबंध में जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि गैर जनपद में चार मरीज बीमार पड़े थे। हालांकि वे गाजीपुर जनपद के रहने वाले हैं, तो उनकी रिपोर्ट यहां भेजी गई है। वैसे लगातार टीम अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने के साथ दवा का छिड़काव कर रही है।