गाजीपुर। खाद्य सुरक्षा में गरीबों का नाम दर्ज कराने, खाद्य सुरक्षा में प्रति यूनिट 15 किलो राशन देने, पात्र को कैंप लगाकर राशन कार्ड वितरित करने सहित जिला पूर्ति विभाग की ओर से जारी अनियमितता के खिलाफ भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला पूर्ति विभाग परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान चार सूत्रीय ज्ञापन जिला पूर्तिधिकारी को सौंपा गया।राज्य कमेटी के सदस्य योगेंद्र प्रताप भारती ने कहा कि गरीबों का खाद्य सुरक्षा में 79 फीसदी राशन कार्ड बनाने का जीओ था लेकिन विभाग अपात्रों का नाम दर्ज करके पात्र गरीबों का नाम सूची से बाहर कर दिया है।
इस मौके पर राजेश बनवासी, जितेंद्र प्रसाद बिंद, मोतीचंद्र चौधरी, उमा यादव, नगीना चौधरी, लाल बिहारी गौड़, कपिलदेव चौधरी, राधेश्याम यादव, जयमूर्ति देवी, हरिनाथ चौधरी, फूलमती देवी, सुदेसरी देवी आदि उपस्थित रहे।जमानिया संवाददाता के अनुसार स्थानीय तहसील में 30 दिसंबर को रामलीला मैदान में आयोजित प्रदर्शन में अधिक से अधिक लोगों के भाग लेने के लिए मंगलवार को भाकपा कार्यकर्ताओं ने कस्बा समेत, हरपुर, भैदपुर, कसेरा का पोखरा, मथारे सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान जमानियां विधान सभा प्रभारी रामप्यारे राम सहित जगबली राजभर, बुच्चीलाल, लालू बिंद, अमरजीत कुशवाहा सहित आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में क्षेत्र के कसेरा गांव में खडंजायुक्त गली को बंद करने पर दबंगों के खिलाफ रामलीला मैदान में आयोजित धरना-प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान सिंगार बिंद, नवरत्न बिंद , गुलाबी देवी आदि रहीं।