बीएसए उपासना रानी वर्मा को पत्रक देते उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के पदाधिकारी। स्रो
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ की जिला इकाई ने बीएसए के माध्यम से सोमवार को मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शिक्षामित्रों की समस्याओं के समाधान की मांग की है।
जिलाध्यक्ष रामप्रताप सिंह यादव और जिला महामंत्री मंजय सिंह यादव ने पत्र के माध्यम से समायोजन समेत पांच प्रमुख मांगें उठाई हैं। इनमें टीईटी पास शिक्षामित्रों को सुपरटेट से छूट देने और सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने की मांगें शामिल हैं।
पत्र में कहा गया है कि तीन जनवरी 2025 को शिक्षामित्रों की मूल विद्यालय वापसी और महिला शिक्षामित्रों को उनके पति के निवास स्थान की ग्राम पंचायत या वार्ड के विद्यालय में स्थानांतरित करने का शासनादेश जारी हुआ था। इसके बाद महानिदेशक स्कूल शिक्षा और निदेशक बेसिक शिक्षा की ओर से भी जनपद स्तर पर समायोजन के आदेश जारी किए गए।
संघ के अनुसार लखनऊ और बाराबंकी को छोड़कर अभी तक अन्य जनपदों में प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इससे शिक्षामित्रों को 80 से 90 किलोमीटर दूर जाकर शिक्षण कार्य करना पड़ रहा है।
संघ ने टीईटी उत्तीर्ण और एनसीटीई मानकों को पूरा करने वाले करीब 60 हजार शिक्षामित्रों को सुपरटेट से छूट देकर शिक्षक पद पर समायोजित करने, सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने और 11 के बजाय 12 माह का मानदेय देने की मांग की है।
इसके अलावा बेसिक स्कूलों में होने वाली स्पेशल टीईटी में शिक्षामित्रों को शामिल करने तथा असामयिक निधन वाले शिक्षामित्रों के परिवारों को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की गई है। संवाद