गाजीपुर। प्रदेश आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मानदेय बढ़ाने की घोषणा पर आभार जताया। साथ ही प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करते हुए न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय करने की मांग उठाई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि आठ सितंबर को अयोध्या में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कर्मचारियों को बुलाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 12 हजार और सहायिकाओं का छह हजार रुपये करने की घोषणा की गई। लेकिन वृद्धि में कार्यकर्ताओं के मूल मानदेय में केवल 1500 रुपये और प्रोत्साहन राशि 2500 रुपये तथा सहायिकाओं के मूल मानदेय में 750 रुपये और प्रोत्साहन राशि 1250 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल किया जाए, ताकि हर माह नियमित रूप से मानदेय का भुगतान हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री से न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय किए जाने का अनुरोध किया।
जिला अध्यक्ष रविकांत राजभर ने कहा कि जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की ओर से की गई मानदेय बढ़ोतरी के लिए आभार व्यक्त करती हैं, लेकिन प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल किए जाने की मांग भी महत्वपूर्ण है।
इस दौरान हीरा यादव, लाची कुशवाहा, उषा वर्मा, इंद्रावती उपाध्याय, जननी सिंह, मंजू पांडेय, पुष्पा मौर्या, अनीता गुप्ता, सीमा आनंद, नसीमा परवीन, पुतुल वर्मा, मन्नू पांडेय, माया सिंह, चैन कुमारी, सुमन श्रीवास्तव, अनिता, चिंता, अर्चना देवी, शीला, संगीता तिवारी, पुष्पा तिवारी, निराशा देवी, प्रियंका तिवारी, समरी सेल कुमारी, रिंकू मीणा आदि मौजूद रहीं।
-