दुल्लहपुर/ जखनिया। जखनिया रेलवे स्टेशन पर बापूधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव की क्षेत्रीय लोग काफी दिनों से कर रहे हैं। शनिवार को श्री महंत रामाश्रय दास स्नातकोत्तर पीजी कॉलेज भुड़कुड़ा के प्राचार्य डॉ. बृजेश जायसवाल के नेतृत्व में प्रवक्ता और शिक्षकों ने रेल महाप्रबंधक के नाम संबोधित पत्रक स्टेशन मास्टर विनोद को सौंपा।इस मौके पर प्राचार्य डा. बृजेश जायसवाल ने कहा कि ट्रेन संख्या 12538 बापूधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस सप्ताह में सोमवार एवं बुधवार को संचालित होती है। वर्तमान में वाराणसी से खुलने के बाद सीधे मऊ में रुकती है। इस दौरान जनपद के महत्वपूर्ण तहसील मुख्यालय जखनिया स्टेशन को कोई ठहराव नहीं दिया गया है, जबकि यह मार्ग में पड़ने वाला एकमात्र तहसील प्रमुख स्टेशन है, जहां से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कर्मचारी, व्यापारी एवं आमजन ट्रेन से विभिन्न प्रांतों एवं शहरों के लिए यात्रा करते हैं। अगर जखनिया स्टेशन पर भी बापूधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव हो जाता तो क्षेत्रीय लोगों को वाराणसी, लखनऊ, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर और बिहार के प्रमुख शहरों, विशेषकर अंतिम स्टेशन मुजफ्फरपुर तक जाने के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस ट्रेन का जखनिया स्टेशन पर कम से कम एक मिनट का ठहराव होना चाहिए। इस अवसर पर प्रोफेसर संजय कुमार, प्रोफेसर प्रकाश चंद पटेल, शिवानंद पांडेय, डा. संतोष मिश्रा, डा. रामानंद चौबे, डा. सुनील सिंह, डा. अखिलेश सिंह आदि मौजूद रहे।