अमिताभ ठाकुर, पूर्व आईपीएस। स्रोत- वीडियो ग्रैब
गाजीपुर। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। इसमें जखनियां से सुभासपा विधायक बेदी राम और निषाद पार्टी के विधायक विपुल दुबे से जुड़े करीब 20 वर्ष पुराने पेपर लीक मामलों में प्रभावी, निष्पक्ष और समयबद्ध पैरवी सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने इन मामलों की वरिष्ठ स्तर पर नियमित समीक्षा कराने और सक्षम लोक अभियोजकों के माध्यम से प्रभावी पैरवी कराने का भी अनुरोध किया है। अमिताभ ठाकुर ने कहा कि करीब दो दशक पुराने लंबित मामलों का भी गंभीरता से निस्तारण होना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से इन मामलों की नियमित निगरानी, प्रभावी पैरवी और समयबद्ध न्यायिक प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि मुकदमों का निस्तारण बिना अनावश्यक विलंब के हो सके।
बेदी राम बोले, मुझे राजनीतिक तौर पर बदनाम किया जा रहा
जखनियां से सुभासपा विधायक बेदी राम ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह दलित हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। दो दिन पहले भी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 20 वर्ष पुराने विचाराधीन मामले को उठाया था और अब अमिताभ ठाकुर अनावश्यक रूप से इसे तूल दे रहे हैं। विधायक ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और उन्हें अदालत पर पूरा भरोसा है। अदालत का जो भी निर्णय होगा, वह उन्हें स्वीकार होगा।
अमिताभ ठाकुर, पूर्व आईपीएस। स्रोत- वीडियो ग्रैब