मंगारी पट्टी गांव के खेतों में गिरी धान की फसल। संवाद
भीमापार। अर्नब चक्रवात के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। सैदपुर तहसील क्षेत्र के भीमापार, मंगारी, मई और मिर्जापुर न्याय पंचायत के दर्जनों गांवों में तैयार धान की फसल खेतों में गिरकर बिछ गई है। कई खेतों में जलभराव होने से फसल डूब गई है। वहीं, चना, मटर और सरसों की बोआई कर चुके किसानों को भी नुकसान की आशंका सताने लगी है।
तेज हवाओं से धान की फसल गिरने के कारण कटाई और मड़ाई का संकट खड़ा हो गया है। खेतों में पानी भरे होने से गिरी फसल के सड़ने और दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। इससे उत्पादन घटने का भी खतरा है। दूसरी ओर खेतों में जलभराव के कारण गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की बोआई में देरी हो सकती है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य मारकंडेय सिंह, शशिकांत सिंह, डॉ. कृष्णकुमार सिंह और उत्कर्ष कुमार पांडेय ने कहा कि फसल तैयार होने के समय मौसम की मार से किसानों को दोहरी आर्थिक चोट पहुंची है। उन्होंने प्रभावित गांवों में राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम से स्थलीय सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वही, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने वाले और फसल बीमा कराने वाले किसानों की फसलों का सोमवार से सर्वे कराया जाएगा। जिन किसानों ने बीमा नहीं कराया है, उनकी फसलों का सर्वे तहसील स्तर से कराया जाएगा।
-