नेपाल के पोखरा में हुए विमान हादसे में मृत युवकों के परिजनों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी सोमवार को डीएम से मिलने पहुंचे। वहां उनके प्रतिनिधि अतिरिक्त एसडीएम आकाश को राज्यपाल से संबोधित पत्रक सौंपा। इस दौरान नेताओं ने सभी पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये और एक-एक आश्रित को नौकरी देने की मांग की।
इस मौके पर पूर्वमंत्री सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले दिनों नेपाल में हुए प्लेन हादसे में जनपद के चार युवकों की मौत हो गई थी। कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय, जिलाध्यक्ष सुनील राम और कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल के साथ चारों पीड़ित परिजनों के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे और उन्होंने सभी मृतक आश्रितों को सरकार से 50 लाख रुपये और एक आश्रित को सरकारी नौकरी दिए जाने की बात कही थी।
इसी क्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम के नेतृत्व में परिजन और कांग्रेस जन डीएम से मिलने पहुंचे। जहां डीएम की प्रतिनिधि के रूप में अतिरिक्त एसडीएम आकाश से मिलकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें प्रत्येक पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा 50 - 50 लाख रुपये और एक सरकारी नौकरी दिए जाने की बात कही गई है। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि नेपाल विमान हादसे के जन हानि को रुपये से तो पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन सरकार द्वारा प्रत्येक परिवार को 50 लाख रुपये और सरकारी नौकरी जल्द से जल्द देकर उनकी सहायता करने के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मारे गए चारों युवक अपने घर के चिराग थे। सरकार इनकी जल्द से जल्द मदद करें। वहीं परिजनों ने दुखी मन से कहा कि तीन शवों की पहचान हो चुकी है और अभी एक शव की पहचान नहीं हो सकी है। सरकार हमारे परिजनों के शव को जल्द से जल्द सुपुर्द करें, जिससे उनका हम अंतिम क्रियाकर्म कर सके। इस अवसर पर पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पीसीसी सदस्य रविकांत राय, पूर्व जिला अध्यक्ष डा. मार्कंडेय सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, संदीप विश्वकर्मा, हामिद अली एडवोकेट, अजय श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।