रेवतीपुर। डेढ़गांवा ग्रामीण क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित ब्लॉक स्तरीय सीनियर मेंस टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। पहला मुकाबला मेजबान डेढ़गांवा और टौंगा के बीच खेला गया, जिसमें डेढ़गांवा ने 28 रन से जीत दर्ज की। टॉस जीतकर डेढ़गांवा ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम निर्धारित 20 ओवर में 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सोनू ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। 90 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टौंगा की टीम डेढ़गांवा की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 10 ओवर में 61 रन पर सिमट गई। टौंगा की ओर से प्रिंस ने 35 रन बनाए। डेढ़गांवा के सोनू ने तीन विकेट झटके। इस जीत के साथ डेढ़गांवा की टीम अगले चक्र में पहुंच गई। मुख्य अतिथि हरिपाल राय ने खिलाड़ियों के अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। मैच में अंपायर की भूमिका सत्यम कुमार और पंकज कुमार ने निभाई, जबकि नीतीश कुशवाहा कमेंट्री कर रहे थे।