पिछले वर्ष से कम हैं 21 हजार 69 परीक्षार्थी
149257 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में बैठेंगे
141976 छात्रों ने कक्षा-नौ और 11 के वेबसाइट पर अपना नाम दर्ज कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जिले में वर्ष 2024 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में बैठने के लिए एक लाख 49 हजार 257 छात्रों ने बोर्ड की वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। यह पिछले वर्ष से 21 हजार 69 कम है। जबकि कक्षा-नौ और 11 में अध्ययन के लिए एक लाख 41 हजार 976 छात्रों ने वेबसाइट पर अपना नाम दर्ज कराया है। इस संख्या में भी कमी हुई है। इस तरह कक्षा-नौ से कक्षा-12 तक रजिस्ट्रेशन कराने वालों की कुल संख्या दो लाख 91 हजार 233 है। जिले में रजिस्ट्रेशन की यह स्थिति दस सितंबर की अंतिम तिथि बीतने के बाद सामने आई है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल की परीक्षा में बैठने के लिए कुल 75348 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें संस्थागत बालकों की संख्या 40 हजार 597 है। जबकि बालिकाओं की संख्या 34 हजार 596 है। व्यक्तिगत छात्रों की संख्या 155 है। इसके अलावा इंटरमीडिएट की परीक्षा में बैठने के लिए कुल 73 हजार 909 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें संस्थागत बालकों की संख्या 39 हजार 403 है। जबकि बालिकाओं की संख्या 31 हजार 402 है।
व्यक्तिगत छात्रों की संख्या 3104 है। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में बैठने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले छात्रों के अलावा जिले में कक्षा-नौ और 11 में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या एक लाख 41 हजार 976 है । इसमें कक्षा-नौ के बालकों की संख्या 38 हजार 544 है और बालिकाओं की संख्या 34 हजार 079 है । इस तरह कक्षा-नौ में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या 72 हजार 623 हो गई है। उधर कक्षा-11 में रजिस्ट्रेशन की स्थिति देखी जाए तो इसमें कक्षा-नौ से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इसमें बालकों की संख्या 36 हजार 482 है और बालिकाओं की संख्या 32 हजार 871 है। जबकि कुल संख्या 69 हजार 353 है।