सूरत से गाजीपुर सिटी के लिए आ रही स्पेशल में रविवार को मऊ के यात्री घनश्याम चौबे की पत्नी अन्नपूर्णा चौबे (30) की मौत हो गई। अभी दस दिन पूर्व 15 मई को ही उसकी डिलीवरी हुई थी। जानकारी के अनुसार घनश्याम पुत्र रामअवध चौबे निवासी सराय सलेमाबाद थाना चिरैयाकोट सूरत में रहकर रोजी रोटी कमाते थे।
लॉकडाउन के बाद सबकुछ बिखर गया। इसके बाद वह अपनी पत्नी और नवजात बच्चे के साथ स्पेशल ट्रेन से घर लौट रहे थे। इसी बीच ट्रेन में ही उसकी पत्नी की तबियत बिगड़ने लगी। इलाहाबाद के आगे उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर औड़िहार जीआरपी ने शव को स्टेशन पर उतार लिया और एंबुलेंस से गाजीपुर भेजवा दिया।
जीआरपी गाजीपुर सिटी के उपनिरीक्षक परवेज अहमद ने शव का पंचनामा करा कर परिजनो को सौंप दिया।इधर गाजीपुर स्टेशन पर उतरते समय एक वृद्ध महिला बेहोश हो गई। स्टेशन पर ही डाक्टरों ने उसका उपचार किया। उसका नाम लाली देवी है और वह महराजगंज क्षेत्र की रहने वाली है। जानकारी मिलने पर उसे परिजन घर ले गए।