गाजीपुर। शहर कोतवाली के बिलइचियां मोड़ के पास शनिवार की शाम ट्रक से कुचलकर बाइक सवार दंपत्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद जब तक आस-पास के लोग मौके पर पहुंचते चालक ट्रक सहित फरार हो गया। उधर घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस टीम ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वाकया उस समय हुआ जब दंपत्ति बाइक से जंगीपुर होते हुए जिला मुख्यालय की ओर जा रहे थे।
करंडा थाना क्षेत्र के जमुवा गांव निवासी संजय सिंह (45) अपनी पत्नी किरन सिंह (40) के साथ बाइक से जंगीपुर थाने के सआदतपुर ससुराल से जिला मुख्यालय की तरफ आ रहे थे। बिलईचियां मोड़ के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में पीछे से धक्का मार दिया। हादसे के बाद बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच ट्रक दोनों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। उधर ग्रामीण शोर मचाते घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। लेकिन चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रोना शुरू हो गया। रोते हुए पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।